देहरादून। तड़के सुबह देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली जब नयागांव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान राजस्थान के दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिए गए। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। तीन अन्य बदमाशों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, नाकेबंदी और सघन वाहन चेकिंग के दौरान नयागांव चौकी बैरियर पर राजस्थान नंबर (RJ) की एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान कार सवार बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मारते हुए सेलाकुई की ओर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा शुरू किया।
भागते हुए बदमाश चांदनी चौक से भूरपुर की ओर पहुंचे और रामगढ़ के रपटे के पास अपनी कार छोड़कर नदी की तरफ भागने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। दूसरे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
घायल बदमाश को पहले प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए दून अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे, खोखे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचे तथा घटना की विस्तृत जानकारी ली। फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश के लिए क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।