ग्रेटर नोएडा में पंजाब नेशनल बैंक से जुड़ा 10.24 करोड़ रुपये का कथित घोटाला सामने आया है। मामले में CBI की गाजियाबाद एंटी करप्शन ब्रांच ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंक के कर्मचारियों समेत कई लोगों पर वित्तीय धोखाधड़ी में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, बैंक कर्मचारी दीपांशी समेत कई लोगों पर ग्राहकों के खातों से कथित तौर पर अनधिकृत लेनदेन करने और फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FDR में हेरफेर करने के आरोप हैं। आरोप है कि बैंकिंग सिस्टम का दुरुपयोग कर ग्राहकों की रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई।
इस मामले में आशुतोष पाठक, प्रदीप कुमार समेत कई अन्य लोगों के नाम भी शिकायत में शामिल बताए जा रहे हैं। बैंक की प्रारंभिक जांच के बाद मामला CBI तक पहुंचा, जिसके बाद एजेंसी ने मुकदमा दर्ज किया है।
फिलहाल CBI पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि 10.24 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय धोखाधड़ी कैसे हुई, इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही और ग्राहकों की रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई।
अब देखना होगा कि CBI की जांच में इस कथित बैंक घोटाले को लेकर और कौन-कौन से खुलासे सामने आते हैं।