सिविल सर्जन की विदाई में जिला अस्पताल परिसर में बजा DJ, नियमों पर उठे सवाल
आप नेता रामचरण सोनी ने जताई नाराजगी, बोले—मरीजों की परेशानी का भी रखा जाना चाहिए था ध्यान
सीधी। जिला चिकित्सालय सीधी में सिविल सर्जन डॉ. एस.बी. खरे के सेवानिवृत्ति अवसर पर आयोजित विदाई समारोह अब चर्चा में आ गया है। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में DJ और तेज ध्वनि में साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता रामचरण सोनी ने सवाल उठाए हैं।
रामचरण सोनी ने कहा कि जिला चिकित्सालय जैसे संवेदनशील स्थान पर, जहां बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए भर्ती रहते हैं, वहां इस तरह तेज आवाज में DJ बजाया जाना उचित नहीं है। उन्होंने इसे नियमों की अनदेखी बताते हुए कहा कि “वाह क्या नजारा है जिला चिकित्सालय सीधी का, जहां सिविल सर्जन की विदाई समारोह में चिकित्सालय परिसर के अंदर DJ बजाया जा रहा है। मरीजों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।”
उन्होंने जिला चिकित्सालय परिसर को लेकर लागू ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का हवाला देते हुए जिला प्रशासन से मामले पर संज्ञान लेने की मांग की। उनका कहना है कि अस्पताल जैसे क्षेत्र में ध्वनि का स्तर नियंत्रित रहना चाहिए, क्योंकि तेज आवाज से मरीजों और उपचार व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
आप नेता ने इस पूरे मामले को लेकर कलेक्टर कार्यालय सीधी और जिला प्रशासन से सवाल किया कि अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ध्वनि संबंधी नियमों का पालन क्यों नहीं कराया गया।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी अस्पतालों में मरीजों की सुविधा और शांत वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
अब सवाल यह उठ रहा है कि विदाई समारोह के दौरान अस्पताल परिसर में DJ बजाने की अनुमति किस स्तर से मिली और क्या ध्वनि संबंधी निर्धारित मानकों का पालन किया गया? मामले में जिला प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई या स्पष्टीकरण सामने आता है, यह देखना होगा।