सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर के प्राचार्य प्रोफेसर अनिल कुमार सक्सेना के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक डॉ. ज्ञान प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों ने इंदिरा तिराहा, अनूपपुर में नुक्कड़ नाटक का प्रभावी मंचन कर आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक प्रो. विनोद कुमार कोल, डॉ. तरन्नुम सरवत एवं डॉ. संजीव द्विवेदी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने नशे के कारण व्यक्ति, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। नुक्कड़ नाटक में नशे के कारण स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव, पारिवारिक कलह, आर्थिक नुकसान, सामाजिक अपराध तथा युवा पीढ़ी के भविष्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने आम नागरिकों से नशे से दूर रहने, युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशामुक्त समाज—हमारी जिम्मेदारी” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
इंदिरा तिराहे पर आयोजित इस जनजागरूकता कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक एकत्रित हुए। विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को नशे के गंभीर परिणामों के प्रति सोचने के लिए प्रेरित किया।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #anuppur
1 views | Anuppur, Madhya Pradesh | Sep 28, 2026