औरंगाबाद DM ने गोह-रफीगंज के जल प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
औरंगाबाद जिले में लगातार बारिश और जलजमाव से उत्पन्न स्थिति को लेकर जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने आज गोह और रफीगंज प्रखंड के जल प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया।
*गोह के घेजना में सड़क और जलनिकासी पर फोकस:*
DM ने घेजना गांव में जर्जर सड़क का जायजा लिया और कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग को अविलंब मरम्मत शुरू करने का निर्देश दिया। गांव में जलनिकासी के स्थायी समाधान के लिए लघु सिंचाई और ग्रामीण कार्य विभाग को संयुक्त तकनीकी अध्ययन कर समग्र कार्ययोजना बनाने को कहा। साथ ही जलजमाव से प्रभावित फसलों के आकलन के लिए जिला कृषि पदाधिकारी को सर्वे का निर्देश और गांव में लगे मेडिकल कैंप का भी निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए।
*रफीगंज में कटाव और अधूरे पुल का निरीक्षण:*
पौथू पंचायत के बरपा गांव में मंदार नदी के बढ़े जलस्तर से हुए कटाव का जायजा लिया। DM ने कटाव वाले स्थलों पर तत्काल सैंड बैग से सुरक्षात्मक कार्य और स्थायी समाधान के लिए विस्तृत सर्वेक्षण की कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया।
वहीं मिश्र बिगहा गांव में बने पुल का निरीक्षण किया, जहां 40 मीटर एप्रोच रोड अभी भी अधूरा है। इसे जल्द पूरा करने का निर्देश दिया ताकि ग्रामीणों को पुल का लाभ मिल सके। उपहरा और अरंडा गांव की क्षतिग्रस्त सड़कों की वीडियोग्राफी सर्वे हो चुका है, जल्द मरम्मत शुरू करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बारिश और जलजमाव से जुड़ी समस्याओं का त्वरित और समन्वित निराकरण हो, सड़क, पुल-पुलिया और जलनिकासी को प्राथमिकता दी जाए।
इस दौरान अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, आपदा अपर समाहर्ता उपेंद्र पंडित, सदर एसडीएम गौरव सिंह, दाउदनगर एसडीएम अमित राजन समेत सभी संबंधित विभागों के अभियंता और अधिकारी मौजूद रहे।
#Aurangabad #DMInspection #FloodRelief #BiharNews #24NewsLive