विधायक नंदलाल के निधन से रामपुर सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर : कौल सिंह नेगी
चार बार रामपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके थे नंदलाल, राजनीतिक और सामाजिक योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा
शिमला। पूर्व हिमकोफेड चेयरमैन एवं रामपुर से भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने रामपुर के विधायक नंदलाल के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नंदलाल का निधन रामपुर क्षेत्र, राजनीतिक एवं सामाजिक जगत सहित संपूर्ण हिमाचल प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सरल, सौम्य और स्पष्ट व्यक्तित्व के धनी थे। उनका व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगा।
कौल सिंह नेगी ने कहा कि नंदलाल कांग्रेस के वरिष्ठ एवं अनुभवी नेताओं में शामिल थे। उन्होंने लगातार चार बार विधायक के रूप में रामपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। अपने राजनीतिक जीवन के दौरान उन्होंने मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) के रूप में भी सेवाएं दीं। वर्तमान में वे 7वें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। राजनीति में आने से पहले उन्होंने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में एडीआईजी के पद पर रहते हुए देश की सेवा की थी।
उन्होंने कहा कि रामपुर क्षेत्र के विकास, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति नंदलाल का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके आकस्मिक निधन से समूचे रामपुर क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके जाने से प्रदेश ने एक अनुभवी राजनेता और समाज के प्रति समर्पित व्यक्तित्व को खो दिया है।
कौल सिंह नेगी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवारजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।