चंडीगढ़ चैंपियंस ने फतेहाबाद फाइटर्स को रोमांचक मुकाबले में सात रन से हराया
मैच देखने के लिए पास की नहीं जरुरत, सभी के लिए खाने की व्यवस्था
पंचकूला 29 सितंबर : सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में खेली जा रही नमो क्रिकेट लीग 2026 में चंडीगढ़ चैंपियंस ने रोमांचक मुकाबले में फतेहाबाद फाइटर्स को सात रन से हराया। दूसरे दिन के मुकाबलों में बड़ी संख्या में लोग मैच देखने के लिए पहुंचे। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने बताया कि खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। मीडिया कोर्डिनेटर संजीव सूद ने बताया कि लोगों की बढ़ती मांग को देखते हुए सभी पास रद्द करते हुए आम जनता के लिए मैच देखने की सुविधा कर दी गई है। कोई भी कहीं से भी मैच देखने के लिए आ सकता है। आने वाले सभी लोगों के लिए निशुल्क खाने की व्यवस्था की गई है। जीत के साथ चंडीगढ़ चैंपियंस की टीम ने अगले दौर में पहुंच गई है। चंडीगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 6 विकेट पर 99 रन बनाए। नीरज ने 25 गेंदों पर 53 रन और दीप ने नौ गेंदों पर 19 रन बनाए। जवाब में फतेहाबाद फाइटर्स की टीम 10 ओवर में 9 विकेट पर 92 रन ही बना सकी। फतेहाबाद की ओर से गुलाब ने 17 गेंदों पर 33 और संजय ने 16 गेंदों पर 23 रन बनाए। चंडीगढ़ की ओर से करण ने 19 रन देकर 5 विकेट हासिल किए।
लीग के अन्य मुकाबलों में जालंधर जगुआर्स ने भट्टू कलां बी को 5 विकेट से हराया। भट्टू कलां की टीम 10 ओवर में 9 विकेट पर 59 रन ही बना सकी। जवाब में जालंधर ने 7.5 ओवर में 5 विकेट पर 63 रन बनाकर जीत दर्ज की। जालंधर के खिलाड़ी जैज ने 9 गेंदों पर 18 रन बनाए।
कैथल नाइट्स ने करनाल किंग्समैन को 8 विकेट से हराया। करनाल ने 10 ओवर में 9 विकेट पर 78 रन बनाए। जवाब में कैथल ने 8 ओवर में 2 विकेट पर 82 रन बनाकर मैच जीत लिया। कैथल की ओर से विकास ने 35 गेंदों पर नाबाद 73 रन बनाए। गुरजिंदर सिंह ने 11 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
हिसार हीरोज ने मोहाली मास्टर्स को 9 विकेट से हराया। मोहाली की टीम 10 ओवर में 8 विकेट पर 76 रन बना सकी। हिसार ने 7.3 ओवर में एक विकेट पर 77 रन बनाकर जीत दर्ज की। दीपू किंग ने 22 गेंदों पर नाबाद 57 रन बनाए, जबकि विकास ने 13 रन देकर 4 विकेट हासिल किए।
एक अन्य मुकाबले में नारायणगढ़ निन्जास ने सिरसा स्ट्राइकर्स को 7 विकेट से हराया। सिरसा ने 10 ओवर में 7 विकेट पर 53 रन बनाए। जवाब में नारेणगढ़ ने 4.4 ओवर में 3 विकेट पर 58 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। शुभम बख्शी ने 15 गेंदों पर 46 रन बनाए, जबकि पेप्सी सांगरी ने 7 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर मीडिया कोर्डिनेटर संजीव सूद, विनय धीर, राकेश गर्ग बिट्टू, दीपक गर्ग, बाबी सिंह, मनीषा जांगड़ा, अनुराधा पुरी सहित अन्य उपस्थित रहे।