मंडावाला में सेवा सेतु शिविर, 225 पात्र लाभार्थियों का सफल पंजीकरण”
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने शिविर का किया निरीक्षण
ज्ञानचंद गुप्ता बोले- पात्र व्यक्ति तक सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचे योजनाओं का लाभ
पंचकूला/पिंजौर , 29 सितंबर: सेवा संकल्प अभियान के तहत शिव मंदिर, गांव मंडावाला, पिंजौर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और आमजन को उपलब्ध करवाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।
श्री गुप्ता ने शिविर में पहुंचे नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों का फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक उनके घर-द्वार के नजदीक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई जाए तथा पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएं, ताकि उन्हें बिना अनावश्यक देरी के योजनाओं का लाभ मिल सके।
शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि वैध परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) वाले कुल 225 पात्र लाभार्थियों का सेवा सेतु पोर्टल पर सफलतापूर्वक पंजीकरण किया गया। पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की गई।
श्री गुप्ता ने कहा कि सेवा सेतु शिविर सरकार और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इन शिविरों के जरिए प्रयास किया जा रहा है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ त्वरित, पारदर्शी और सरल तरीके से पहुंचाया जाए।
उन्होंने बताया की शिविर में नागरिकों को विभिन्न विभागों की स्वरोजगार, ऋण, अनुदान, सब्सिडी एवं कौशल विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
*दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना से महिलाओं को ₹2,100 मासिक सहायता*
श्री गुप्ता ने बताया की हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है। इस योजना के अंतर्गत 23 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र महिलाएं (विवाहित एवं अविवाहित) आवेदन कर सकती हैं, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय परिवार पहचान पत्र (PPP) के अनुसार निर्धारित सीमा (1.80 लाख रुपये तक) में हो। शिविर में इस योजना के नए पंजीकरण, पात्रता व आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित पूरी जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
*अनुसूचित जाति परिवारों के लिए ₹1.50 लाख तक ऋण व सब्सिडी*
उन्होंने बताया की हरियाणा अनुसूचित जातियां वित्तीय एवं विकास निगम की ओर से पात्र अनुसूचित जाति परिवारों को कृषि, लघु उद्योग, व्यापार तथा व्यावसायिक गतिविधियों के लिए बैंक टाई-अप के माध्यम से 1.50 लाख रुपये तक ऋण तथा निर्धारित शर्तों के अनुसार सब्सिडी का लाभ दिया जाता है। वहीं, हरियाणा पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कल्याण निगम द्वारा पिछड़े वर्ग एवं EWS वर्ग के नागरिकों के लिए रियायती ब्याज दर पर स्वरोजगार ऋण, अल्पसंख्यक समुदायों के लिए ऋण सुविधा तथा 40 प्रतिशत या अधिक दिव्यांगता वाले पात्र व्यक्तियों के लिए स्वावलम्बन योजना के तहत आसान ऋण उपलब्ध कराया जाता है।
*पशुपालन एवं डेयरी योजनाओं में 50 प्रतिशत तक सब्सिडी*
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने आगे बताया की पशुपालन एवं डेयरी विभाग की योजनाओं के तहत दुधारू पशुओं की डेयरी, सूअर पालन, भेड़-बकरी पालन तथा बैकयार्ड कुक्कुट पालन के लिए वित्तीय सहायता और सब्सिडी का प्रावधान है। पात्र अनुसूचित जाति परिवारों को विभिन्न पशुधन इकाइयों पर 50 प्रतिशत तक सब्सिडी तथा सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग के पात्र नागरिकों को निर्धारित इकाइयों पर 25 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाती है। बैकयार्ड कुक्कुट योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 50 देसी चूजे और दो ड्रिंकर निःशुल्क उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
*महिलाओं के लिए ₹5 लाख तक ऋण और उद्यमिता योजनाएं*
उन्होंने बताया की इसी प्रकार हरियाणा महिला विकास निगम द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विधवा एवं तलाकशुदा महिलाओं के लिए व्यक्तिगत व्यवसाय ऋण, लघु व्यवसाय ऋण, नारी ई-रिक्शा स्वावलंबन योजना तथा मातृशक्ति उद्यमिता योजना संचालित की जा रही हैं। पात्र महिलाओं को योजना के अनुसार 1.50 लाख रुपये से 5 लाख रुपये तक ऋण, सब्सिडी अथवा ब्याज अनुदान का लाभ मिल सकता है। वहीं, हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद एवं कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं के अंतर्गत ब्यूटी केयर, कंप्यूटर, सिलाई एवं कढ़ाई जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण निःशुल्क या निर्धारित पात्रता के अनुसार उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे युवाओं और महिलाओं को कौशल प्राप्त कर स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर हासिल करने में सहायता मिल सके।
श्री गुप्ता ने बताया कि शिविर में विभागीय योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाले लाभ की जानकारी भी दी जा रही है। इच्छुक नागरिक अपनी पात्रता के अनुसार संबंधित विभाग से संपर्क कर योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।