🚨 दहेज प्रथा पर बनी फिल्म ‘समाज का डर’ का ट्रेलर लॉन्च, बेटियों को बचाने और दहेज कुप्रथा मिटाने का दिया संदेश
गिरिडीह। समाज में आज भी दहेज प्रथा के कारण बेटियों को प्रताड़ित करने, उन्हें जिंदा जलाने और फांसी के फंदे तक पहुंचाने जैसी गंभीर घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बनाई गई फिल्म ‘समाज का डर’ का ट्रेलर बीते दिन अंशुमान कॉमेडी शो में भव्य रूप से लॉन्च किया गया।
फिल्म के डायरेक्टर सिद्धार्थ सचिन ने हजारों की संख्या में जुटे डिजिटल क्रिएटर्स के बीच फिल्म का ट्रेलर लॉन्च करते हुए दहेज प्रथा के खिलाफ अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि समाज में दहेज के कारण कई बेटियों को अपनी जान गंवानी पड़ती है। इस फिल्म के माध्यम से लोगों तक एक सकारात्मक और सशक्त संदेश पहुंचाने की कोशिश की गई है कि बेटियां ही हमारे वंश की पहचान हैं और बेटियों के बिना दुनिया अधूरी है।
उन्होंने आगे कहा कि एक पिता अपनी बेटी की शादी के लिए जमीन-जायदाद और घर तक बेच देता है। लेकिन क्या एक बेटी को सौंपने से बड़ा कोई दहेज हो सकता है? बेटी स्वयं सबसे अनमोल उपहार है। इसके बावजूद दहेज की मांग करना और उसके लिए बेटी को प्रताड़ित करना बेहद दुखद है।
फिल्म ‘समाज का डर’ के माध्यम से लोगों से अपील की गई है कि बेटियों को बचाएं, उन्हें सम्मान दें और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने में अपनी भूमिका निभाएं।
फिल्म का संदेश साफ है—बेटी बोझ नहीं, परिवार की शान है। दहेज नहीं, बेटी का सम्मान ही समाज की असली पहचान है।
📢 PNA NEWS INDIA | खबरों का दर्पण
#SamajKaDar #DahejPratha #BetiBachao #SiddharthSachin #AnshumanComedyShow #DigitalCreatorMeetup #SocialAwareness #PNAnewsIndia #GiridihNews