महिला सशक्तिकरण एवं युवतियों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल, पिंक रोजगार मेले का हुआ सफल आयोजन*
*माननीय विधायक दादरी तेजपाल नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, जिलाधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ रोजगार मेला*
*विभिन्न क्षेत्रों की 17 कंपनियों ने किया प्रतिभाग, 486 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा एवं 263 अभ्यर्थी को मिला नियुक्ति-पत्र*
*गौतमबुद्धनगर 10 सितम्बर, 2026*
महिला सशक्तिकरण एवं युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन विभाग, गौतमबुद्धनगर द्वारा आज राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर, गौतमबुद्धनगर में पिंक रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ माननीय विधायक दादरी तेजपाल नागर द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम, जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री, संस्थापिका आर्य फैशन्स खुशबू सिंह, प्रधानाचार्या कु0 मायावती महिला पाॅलीटेक्निक बादलपुर दीपिका दुबे गरिमामयी उपस्थिति रही।
पिंक रोजगार मेले का उद्देश्य जनपद की शिक्षित एवं रोजगार की इच्छुक छात्राओं तथा युवतियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं प्रतिभा के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा। जिसमें जनपद की कुल 17 प्रतिष्ठित कम्पनियों ने प्रतिभाग किया एवं 300 से अधिक ऑनलाइन एवं 186 ऑफलाइन कुल 486 छात्राओं/युवतियों ने अपना पंजीकरण कराया। जिसमें से 263 छात्राओं / युवतियों को साक्षात्कार के उपरान्त चयनित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय विधायक दादरी एवं विशिष्ठ अतिथि जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम एवं जिला सेवायोजन अधिकारी, प्रधानाचार्या, कु० मायावती राजकीय महिला पॉलीटेक्निक, बादलपुर तथा संस्थापक, आर्या फैशन द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किये गये। साथ ही जिला सेवायोजन कार्यालय, गौतमबुद्धनगर एवं युवा शक्ति फाउण्डेशन के मध्य रोजगार संवर्धन हेतु एम०ओ०यू० हस्ताक्षर किया गया।
इस अवसर पर माननीय विधायक दादरी तेजपाल नागर ने कहा कि युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पिंक रोजगार मेले जैसे आयोजन युवतियों को रोजगार प्रदाताओं से सीधे जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने युवतियों एवं छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि-
तुम्हें खुद को आम नहीं, खास बनाना है।
जागो, तुम्हें अपना इतिहास बनाना है।।
मंजिल दूर सही, लेकिन कदम बढ़ाते जाना है।
आज के सपनों को कल की पहचान बनाना है।।
याद रखो, सपने वही सच होते हैं, जिनके लिए हम लगातार मेहनत करते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह एक अनूठी पहल है। पिंक रोजगार मेला लगाया गया है। यह रोजगार मेला हमारी उन सभी बेटियों के लिए रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो स्नातक की पढ़ाई करने जा रही हैं या विद्यालय से स्नातक की ओर बढ़ रही हैं। यहाँ विभिन्न कंपनियाँ आई हैं, जो आपकी प्रतिभा के अनुरूप आपको रोजगार के अवसर देंगी। आपके भविष्य को बनाने की दिशा में यह आपके लिए एक बहुत अच्छा कदम रहेगा।
जिलाधिकारी ने सभी कंपनियों को धन्यवाद करते हुए कहा आर्या फैशंस, युवा शक्ति फाउंडेशन, स्पेरी टेक्नो सॉल्यूशंस, आईएलजिन इलेक्ट्रॉनिक्स, मदरसन मेट, सनन, सिद्धी इंपोर्टेड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, नवितस्य, फुरुकवा मिंडा, आर्टेमिस हॉस्पिटल, सथ्या विकास, मिंडा कॉर्पोरेशंस, युवा शक्ति स्किल इंडिया, कीटिंग प्रेस्टिज, दक्षिण राइटिंग इंस्ट्रूमेंट्स, गुजरात हेल्थकेयर और मिकम इंडिया आदि के द्वारा सभी कंपनियाँ के साथ आज इस पिंक रोजगार मेले की शुरुआत हुई है। यह जो अनूठी शुरुआत हुई है, इसे आगे भी जारी रखा जाएगा, ताकि हमारी बेटियों को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर मिल सकें। यह आपके भविष्य के लिए एक पहला महत्वपूर्ण कदम है। इसके लिए आपको निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ना है।
जिलाधिकारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा आपके भीतर अपार शक्ति और क्षमता है। आवश्यकता केवल इस बात की है कि आप अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य को पहचानें तथा उसका सही दिशा में उपयोग करते हुए अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। उन्होंने कहा कि आज यहाँ नागरिक समाज एवं उद्योग जगत के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित हैं, जो आप सभी से संवाद कर रहे हैं और आपके साथ जुड़कर आगे बढ़ने के इच्छुक हैं। हमारी शिक्षिकाएँ भी आपसे निरंतर संवाद एवं मार्गदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में आज राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने प्रतिभाग कर युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। उन्होंने बताया कि कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों की योग्यता एवं प्रतिभा के आधार पर साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया संपन्न की गई।
रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, संबंधित विभागीय अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में छात्राओं एवं युवतियों की उपस्थिति रही।
सौजन्य से सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर।