आयुष विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित
पश्चिमी सिंहभूम के कोल्हान क्षेत्र के दूरस्थ एवं दुर्गम ग्रामीण इलाकों में आयुष विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन किया गया। शिविरों में कुल 366 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुष औषधियों का वितरण किया गया। इस दौरान रक्तचाप, मधुमेह, बुखार, सर्दी-खांसी, जोड़ों के दर्द, त्वचा रोग, गैस्ट्रिक समस्या, एनीमिया सहित विभिन्न बीमारियों की जांच एवं उपचार कर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिए गए।
शिविरों का संचालन
डॉ. यशवंती, डॉ. दीपक, डॉ. निशा, डॉ. अनीश, डॉ. मैनुद्दीन, डॉ. सूर्य भूषण, डॉ. सुष्मिता, डॉ. श्रवण, डॉ. सुशील, डॉ. कविता, डॉ. अनिरुद्ध एवं डॉ. आशिक अंसारी द्वारा किया गया।
स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन
हाटगम्हरिया प्रखंड के बोचासाई, खूंटपानी के पुरुनिया, बिंज एवं माटकोबेड़ा, जगन्नाथपुर के मौलानगर, तान्तनगर के बोंगासिन्द्री, चक्रधरपुर के सुरबुरा, झींकपानी के बासाहातु, गोइलकेरा के टिपुसाई, गुदड़ी, बंदगांव के कराएकेला तथा सदर के गरीखाना गांवों में किया गया।
चिकित्सकों ने किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया और साथ ही बताया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। साथ ही वर्तमान मानसून को देखते हुए मलेरिया से बचाव के लिए घर एवं आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने, मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने तथा बुखार आने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह भी दिया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को नियमित योग, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता तथा नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी स्वास्थ्य समस्या होने पर गांव की सहिया एवं निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई।