एचएसएससी भर्ती प्रक्रिया के चलते सूरजपुर–सुखोमाजरी बाईपास पर बदली यातायात व्यवस्था, 2 सप्ताह के लिए यातायात रहेगा प्रभावित
एक लेन रहेगी बंद, दोनों दिशाओं का ट्रैफिक एक ही लेन से होगा संचालित
पंचकूला/ 21 अगस्त:- एचएसएससी बोर्ड द्वारा आयोजित भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट/दौड़ आयोजित की जा रही है। इस दौरान सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से सूरजपुर–सुखोमाजरी बाईपास मार्ग पर अस्थायी यातायात व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था भर्ती प्रक्रिया के दौरान लगभग दो सप्ताह तक प्रभावी रहेगी।
इस दौरान अमरावती से सुखोमाजरी की ओर जाने वाली लेन पूर्णतः बंद रहेगी, जबकि सुखोमाजरी से अमरावती की ओर जाने वाली दूसरी लेन खुली रहेगी।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने वाहन चालकों से अपील की है कि इस अवधि के दौरान अत्यंत आवश्यक होने पर ही सूरजपुर–सुखोमाजरी बाईपास मार्ग का प्रयोग करें। अनावश्यक रूप से इस मार्ग पर आने से बचें और संभावित यातायात जाम एवं असुविधा से बचने के लिए उपलब्ध वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
सभी वाहन चालक निर्धारित गति सीमा एवं यातायात नियमों का पालन करें तथा मौके पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें। आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित एवं सुगम मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा धैर्य एवं जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं।