बाईक चोरी करने के मामले में 1 आरोपी गिरफ्तार, कब्जा से चोरी की 3 मोटरसाइकिलें बरामद।
चोरी के 3 मामले भी सुलझे
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 7 जून । 4 जून को एक व्यक्ति द्वारा थाना शिवाजी नगर, गुरुग्राम में एक शिकायत आरती मॉल प्लाजा के गेट नंबर-2, गुरुग्राम के पास से इसकी बाईक किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी करने के संबंध में दी। प्राप्त शिकायत पर थाना शिवाजी नगर, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
अपराध शाखा फरुखनगर, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने उपरोक्त अभियोग में कार्यवाही करते हुए 1 आरोपी को 7 जून को सरकारी अस्पताल सैक्टर-10, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अजरुद्दीन निवासी गांव जमालगढ़, जिला नूंह (हरियाणा) के रूप में हुई।
6 जून को आरोपी अजरुद्दीन व उसका साथी वसीम उपरोक्त अभियोग में चोरी की गई मोटरसाइकिल पर सवार होकर केएमपी एक्सप्रेस-वे पर जा रहे थे। पुलिस टीम को देखकर दोनों आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने का प्रयास किया तथा एक्सप्रेस-वे से कूद गए। इस दौरान आरोपी अजरुद्दीन के दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया तथा आरोपी वसीम के हाथ में चोट लग गई। दोनों को उपचार हेतु सरकारी अस्पताल सेक्टर-10, गुरुग्राम में दाखिल कराया गया था। उपचार उपरांत आरोपी अजरुद्दीन को आज नियमानुसार गिरफ्तार किया गया, जबकि आरोपी वसीम अभी उपचाराधीन है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी द्वारा जिला गुरुग्राम में मोटरसाइकिल चोरी की 2 अन्य वारदातों को भी अंजाम देने का खुलासा किया गया।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जा से चोरी की 3 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड अवलोकन से ज्ञात हुआ कि आरोपी के खिलाफ चोरी करने, चोरीशुदा संपत्ति रखने, पुलिस कार्य में बाधा डालने, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत 27 अभियोग गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, रेवाड़ी, पलवल व झज्जर में पहले भी अंकित हैं।
पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त आरोपी को आज माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। अभियोग का अनुसंधान जारी है।