समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों का यथा शीघ्र करें निपटान- डीडीपीओ नरेन्द्र सिंह
प्रत्येक सोमवार व वीरवार को प्रात: 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित
यमुनानगर, (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो- डीडीपीओ नरेन्द्र सिंह ने कहा कि समाधान शिविर में अपनी समस्याओं को लेकर आने वाले प्रत्येक प्रार्थी की समस्याओं का मौके पर ही निपटान करने का भरसक प्रयास रहे, यदि कोई समस्या का समाधान दस्तावेजों या अन्य जांच पर आधारित है तब भी उसका समयबद्ध होकर जल्द निपटान करवाना सुनिश्चित करें।
डीडीपीओ ने कहा कि प्रदेश सरकार के आदेशानुसार आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर में अब बदलाव किया गया है। ये शिविर सप्ताह में दो दिन सोमवार व वीरवार सुबह 10 से 12 बजे तक जिला व उपमंडल दोनों स्तरों पर आयोजित किए जा रहे हैं।
डीडीपीओ नरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में जिला सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में 6 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें कलापुर निवासी बलदेव सिंह ने परिवार पहचान पत्र में आय ठीक करने बारे, बपौली निवासी कृष्ण चंद ने ग्राम पंचायत फंड द्वारा गलियों के निर्माण कार्य व पंचायती भूमि की जांच करने बारे, यमुनानगर निवासी वीरेंद्र कुमार सेठी ने परिवार पहचान पत्र में बिजली का मीटर हटवाने बारे, यमुनानगर निवासी देवेंद्र चावला ने परिवार पहचान पत्र में आय ठीक करने बारे, ढलौर निवासी शिक्षा देवी ने लाडो लक्ष्मी योजना में फार्म जमा न करने बारे आदि समस्याएं रखी।
इस अवसर पर डीसी कार्यालय से एएसआर अंजना, समाधान शिविर के विशेष सदस्य जगदीश बब्बर, खरैती लाल बतरा, नीरज गुप्ता व समस्त विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।