#भरतपुर। सेवर की ग्राम पंचायत महुआ में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्रामीणों के लिए बेहद मददगार साबित हुआ है। इस शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों ने एक ही छत के नीचे आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिया। शिविर के दौरान महुआ निवासी किसान महेंद्र और रज्जन सिंह को पंचायती राज विभाग की स्वामित्व योजना के तहत उनके मकानों के पट्टे मौके पर ही सौंपे गए। पट्टा मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए लाभार्थियों ने बताया कि इससे उनके आशियाने को कानूनी पहचान मिली है, जिससे अब उन्हें संपत्ति संबंधी विवादों से मुक्ति मिलेगी और बैंक से ऋण लेना भी आसान हो जाएगा। ग्रामीणों ने गांव में ही इस तरह की सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य सरकार का आभार जताते हुए कहा कि यह शिविर उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए एक सराहनीय और जनहितकारी पहल है।