विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर लाडपुरा-राधापुर-बागन में महिलाओं ने दिखाया उत्साह और हुनर"
--
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन में एवं जिला पंचायत सीईओ तथा प्रभारी अधिकारी डीएटीसीसी श्री रोहन सक्सेना के मार्गदर्शन में विश्व पर्यटन दिवस पर्यटन ग्राम लाडपुरा, राधापुर एवं बागन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा संचालित ग्रामीण पर्यटन परियोजना एवं महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के अंतर्गत हरितिका संस्था के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न होम-स्टे के हितग्राहियों, ग्रामीण महिलाओं तथा परियोजना से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में शक्ति सिंह महिला कल्याण समिति के फेडरेशन के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की। इस दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें कुर्सी दौड़, गुब्बारा दौड़ तथा महिला क्रिकेट प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी देते हुए हरितिका संस्था की टीम लीडर मनोज नायक ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर देश-दुनिया के विभिन्न स्थानों पर पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए लाडपुरा, राधापुर एवं बागन में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिलाओं की भागीदारी, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करना भी परियोजना का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से महिलाओं को घर की दैनिक जिम्मेदारियों से अलग अपने लिए समय निकालकर खुलकर सहभागिता करने का अवसर मिला। कई महिलाओं ने पहली बार इस तरह की खेल गतिविधियों में भाग लिया। महिलाओं के चेहरे पर उत्साह और खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने खेलों के माध्यम से न केवल मनोरंजन किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण पर्यटन, होम-स्टे गतिविधियों तथा महिलाओं की पर्यटन क्षेत्र में बढ़ती भागीदारी पर भी चर्चा की गई। आयोजन में उपस्थित महिलाओं ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम उन्हें आगे बढ़ने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं।
विश्व पर्यटन दिवस का यह आयोजन ग्रामीण पर्यटन को महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक सहभागिता और स्थानीय प्रतिभाओं के विकास से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में सामने आया।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Madhya Pradesh Tourism #WorldTourismDay #homestay
7 views | Niwari, Madhya Pradesh | Sep 27, 2026