जिले में अवैध तथा नकली शराब एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें
कार्रवाई नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध ली जाएगी एक्शन
समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने दी चेतावनी
सोमवार को आयोजित समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने निर्देशित किया कि जिले में अवैध तथा नकली शराब एवं मिलावटी खाद्य पदार्थ की किसी भी स्थिति में बिक्री नहीं हो यह सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सख्त चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि यदि संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा कार्रवाई नहीं की जाती है तो उन अधिकारियों के विरुद्ध एक्शन लेने में देरी नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि आबकारी, राजस्व तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग अपने कर्तव्य का निर्वहन सुनिश्चित करें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें कार्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध तथा नकली शराब तथा मिलावटी खाद्य पदार्थ के मामलों में संदेश जाना चाहिए कि विभाग कार्रवाई कर रहे हैं कार्रवाई नजर भी आना चाहिए। कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम को भी निर्देशित किया कि वह भी कार्रवाइयों में सम्मिलित रहे।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि राजस्व विभाग तेजी से निराकरण करें विभाग के पास पर्याप्त अमला है परंतु शिकायतों की संख्या फिर भी ज्यादा है। सभी विभागों को कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन में संतुष्टि पूर्वक शिकायतों का निराकरण किया जाना है कार्य को अत्यंत गंभीरता से लेना है।
जिले में सेवा सेतु अभियान की तैयारी
बैठक में बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार जिले में भी सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार के सफल क्रियान्वयन की तैयारी की जा रही है। अभियान के तहत आगामी तीन तथा चार अक्टूबर को शिविर आयोजित किए जाएंगे।
सेवा सेतु अभियान के तहत आगामी 3 अक्टूबर को जिले के धुंधडका तीतरोद बोलिया दुधाखेड़ी तथा बुडा में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार 4 अक्टूबर को जिले के 11 नगरी निकायों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। उक्त शिविरों में जन शिकायतों समस्याओं का निराकरण तत्काल किया जाएगा। शिविर प्रातः 11:00 से आयोजित होंगे साथ में स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने अभियान के आयोजन के संबंध में दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए। बताया गया कि 3 अक्टूबर को धुंधडका में सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविर में ही मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शिविर सम्मिलित रहेगा।
वडनगर से वाराणसी जल जन सेवा संकल्प यात्रा 1 अक्टूबर को जिले में प्रवेश करेगी
बैठक में बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल जन सेवा संकल्प यात्रा आगामी 1 अक्टूबर को मंदसौर जिले में प्रवेश करेगी। इसके अंतर्गत यात्रा दल क्रमांक एक, 01 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे सीतामऊ के रुणीजा से प्रवेश कर जिले के विभिन्न स्थानों से गुजरेगी। इसी प्रकार यात्रा दल क्रमांक 8 भी आगामी 1 अक्टूबर को जिले के सीतामऊ क्षेत्र के दलावदा से जिले में शाम 4 बजे प्रवेश करेगी। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने यात्रा के आयोजन के संबंध में जिले में समस्त तैयारी जैसे स्वागत मंच, बैनर, श्रमदान, पौधारोपण, लाभ वितरण, यात्रा विश्राम, भोजन, चिकित्सा इत्यादि के बारे में आवश्यक तैयारी एवं व्यवस्थाओं के लिए विस्तार से दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में कलेक्टर द्वारा जिले में जर्जर भवनों को ध्वस्त करने नगर पालिकाओं द्वारा कर वसूली मंदसौर कृषि उपज मंडी में किया जा रहे सुधार कार्यों की भी समीक्षा की गई मंडी के संदर्भ में एसडीएम श्री पाटीदार ने बताया कि मंदसौर मंडी में सफाई शौचालय साईंनेज निर्माण संकेतक टोकन वितरण महिलाओं के लिए व्यवस्था 108 एम्बुलेंस रेस्ट रूम सीसीटीवी इत्यादि व्यवस्थाओं पर कार्य किया जा रहा है कलेक्टर द्वारा बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय कार्यक्रमों आयोजनों की सूचना समय सीमा में सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से पहुंचाई जाए।
#Mandsaur #मंदसौर
4 views | Mandsaur, Madhya Pradesh | Sep 28, 2026