परिवहन विभाग और यातायात पुलिस का सघन अभियान, 14 बसों के चालान, 12 बसें सीज
शाहजहांपुर। जिले में अनाधिकृत बस संचालन, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग 60 बसों की जांच की गई, जिसमें 14 बसों के चालान किए गए तथा 12 बसों को सीज कर दिया गया। विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी यातायात शुभम वर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) हरिओम और यातायात निरीक्षक बच्चू सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान में परिवहन विभाग की बरेली,बदायूं और शाहजहांपुर की टीमों ने भी भाग लिया।।जांच के दौरान अनाधिकृत रूप से संचालित बसों, ओवरलोड वाहनों तथा मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सीज की गई बसों में यात्रा कर रहे यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेज बसों की व्यवस्था कर रवाना किया गया।इसके अलावा खनन सामग्री से ओवरलोड पाए गए तीन डंपरों का चालान किया गया तथा तीन अन्य वाहनों के विरुद्ध भी ओवरलोडिंग की कार्रवाई की गई। ओवरलोड सवारियां ढोने के आरोप में तीन ऑटो विभिन्न थानों में निरुद्ध किए गए और सात ऑटो के चालान किए गए। मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से यात्रियों का परिवहन किए जाने के मामले में चार वाहनों का चालान तथा दो वाहनों को सीज किया गया। अधिकारियों ने वाहन स्वामियों और संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों के विपरीत वाहन संचालन, ओवरलोडिंग अथवा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।।