बारिश में छाता लेकर फरियादियों के बीच पहुंचे डीएम, सुनीं समस्याएं
देवरिया, 26 सितंबर। जनपद में लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के बीच जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनकर संवेदनशीलता का परिचय दिया।
जिलाधिकारी जब नगरीय क्षेत्र के भ्रमण के लिए निकल रहे थे, तभी उनकी नजर कलेक्ट्रेट परिसर में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और गाड़ी से उतरकर बारिश के बीच छाता लेकर फरियादियों के बीच पहुंच गए।
जिलाधिकारी ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बारिश के बीच जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर फरियादियों ने भी अपनी समस्याएं खुलकर उनके समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।