#बालाघाट
शासकीय मॉडल स्कूल बिरसा में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का शुभारंभ, विद्यार्थियों ने दीपकों से बनाई आकर्षक स्वास्तिक आकृति
मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देश एवं जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में शासकीय मॉडल स्कूल बिरसा में बुधवार से गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा का शुभारंभ श्रद्धा, उत्साह एवं भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप किया गया। यह पखवाड़ा 15 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसका समापन गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों के साथ होगा।
पखवाड़े के प्रथम दिवस विद्यालय में विशेष तैयारियां की गईं। विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से छात्राओं ने आटे के दीपक निर्माण की रचनात्मक गतिविधि में भाग लिया। छात्र-छात्राओं ने सदनवार आकर्षक डिजाइन के दीपक तैयार किए और दीपकों से सुंदर स्वास्तिक की आकृति बनाकर कार्यक्रम को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के प्राचार्य श्री सौरभ कुमार शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती के पूजन-वंदन के साथ किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से सरस्वती वंदना एवं गुरु वंदना प्रस्तुत कर अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भारतीय संस्कृति में गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु केवल ज्ञान प्रदान करने वाले शिक्षक ही नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, संस्कार और जीवन की सही दिशा दिखाने वाले प्रेरणास्रोत होते हैं। गुरु-शिष्य परंपरा भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली धरोहर है, जिसे वर्तमान पीढ़ी तक पहुंचाना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का उद्देश्य गुरु-शिष्य परंपरा का संरक्षण, शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना तथा विद्यार्थियों में नैतिक, सांस्कृतिक एवं मानवीय मूल्यों का संवर्धन करना है। पखवाड़े के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनका समापन 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर होगा।
कार्यक्रम में श्री जयप्रकाश यादव, श्री राजेश धुर्वे, श्रीमती पूजा उइके, श्री पुष्पेन्द्र कुमार पालके, श्री कमल सिंह मेरावी, श्रीमती डिलेश्वरी भगत, श्रीमती स्वाति ब्रम्हनोटे, श्री सुरेश बघेल, श्री फगनू सिंह सैयाम, श्री शिवपाल टेम्भरे, श्री आशीष तिल्लासी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक, अतिथि शिक्षक एवं विद्यालय परिवार ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #SchoolEducation
Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 15, 2026