संत कबीर नगर: व्यापार मंडल ने भूमि विवाद मामले में निष्पक्ष जांच की उठाई मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन
संत कबीर नगर में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार अग्रहरी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ग्राम मुसरतिसपुर, तहसील धनघटा स्थित गाटा संख्या 580 एवं 581/1 से जुड़े भूमि विवाद की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि व्यापार मंडल के संज्ञान में आए इस मामले में प्रस्तुत अभिलेखों के अवलोकन से ऐसा प्रतीत होता है कि संबंधित प्रकरण में बैंक कर्मियों एवं सहकारिता विभाग की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है। आरोप है कि संबंधित पक्षों के वैध अधिकारों की अनदेखी करते हुए बेदखली की कार्रवाई की जा रही है।
व्यापार मंडल ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी न्यायिक या प्रशासनिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को विधि के अनुसार न्याय दिलाना और किसी भी व्यक्ति के वैध अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना है।
ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर पक्षकारों के वैध अधिकारों की रक्षा की जाए। साथ ही, यदि ऋण वसूली अथवा नीलामी की प्रक्रिया में किसी प्रकार की विधिक त्रुटि पाई जाती है तो उसका परीक्षण कर न्यायोचित निर्णय लिया जाए, जिससे आमजन का प्रशासन पर विश्वास बना रहे।