लिल्ह में दंगल प्रतियोगिता में विधायक डॉ. जनक राज ने युवाओं से किया खेलों से जुड़ने का आह्वान
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
लिल्ह में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में भरमौर-पांगी के विधायक डॉ. जनक राज ने बतौर अध्यक्ष शिरकत की। इस दौरान उन्होंने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन समिति को सफल प्रतियोगिता के लिए बधाई दी।
विधायक डॉ. जनक राज ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्ष करने की क्षमता और निरंतर आगे बढ़ने की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं स्थानीय युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ पारंपरिक खेल संस्कृति को भी जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और अपनी ऊर्जा खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज और मजबूत युवा पीढ़ी के निर्माण के लिए खेलों को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है।
डॉ. जनक राज ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और अवसर प्रदान करने की है। उन्होंने युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने क्षेत्र व प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।