👉#वार्षिक फीस के विरोध में उतरे विधि छात्र, पोर्टल अपडेट होते ही बदली फीस व्यवस्था
--#सेमेस्टरवार निर्धारित शुल्क लेने की मांग को लेकर प्रदर्शन
--#विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन पोर्टल में किया संशोधन
शाहजहाँपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में वार्षिक फीस लिए जाने के विरोध में बुधवार को विधि के छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्रों ने निर्धारित सेमेस्टरवार शुल्क के अनुसार फीस जमा कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने फीस पोर्टल अपडेट कर दिया। इसके बाद छात्रों से निर्धारित सेमेस्टरवार शुल्क के अनुसार ही फीस जमा किए जाने की व्यवस्था की गई। अंशुल अग्निहोत्री के नेतृत्व में छात्र विश्वविद्यालय परिसर में एकत्र हुए और फीस व्यवस्था पर आपत्ति जताई। छात्रों का कहना था कि विधि पाठ्यक्रम की फीस सेमेस्टरवार निर्धारित है, ऐसे में एकमुश्त वार्षिक फीस लिए जाने से छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से निर्धारित शुल्क के अनुरूप फीस जमा कराने की व्यवस्था लागू करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से फीस पोर्टल में संशोधन किया गया। पोर्टल अपडेट होने के बाद अब विधि के छात्रों के लिए निर्धारित सेमेस्टरवार फीस जमा करने का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। छात्रों ने पोर्टल में हुए बदलाव को अपनी मांग की दिशा में उठाया गया कदम बताया। प्रदर्शन में दीपम मिश्रा, कर्तव्य गुप्ता, आनंद वर्मा, अनुज द्विवेदी, शक्ति, आशुतोष भारती, हर्ष कुमार, लोकेश, सुरुचि शर्मा, खुशी गुप्ता और अर्चना वर्मा समेत अन्य छात्र मौजूद रहे।