समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 23 जून 2026
केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत विशेष शाखा में 'सिपाही' (सामान्य बंद संवर्ग) के पद पर चयन के लिए आयोजित लिखित परीक्षा के स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं सफल आयोजन तथा विधि-व्यवस्था संधारण हेतु आज दिनांक 23 जून 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर, श्री शुभम आर्य के द्वारा संयुक्त रूप से समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में ब्रीफिंग की गई।
विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत विशेष शाखा में 'सिपाही' (सामान्य बंद संवर्ग) के पद पर चयन के लिए लिखित परीक्षा दिनांक 24.06.2026 को एकल पाली में दो प्रश्न पत्रों के लिए लगातार बैठक में 30 मिनट के अंतराल पर (प्रथम प्रश्न पत्र 10:00 बजे पूर्वाहन से 11:30 बजे पूर्वाहन तक एवं द्वितीय प्रश्न पत्र 12:00 बजे मध्याहन से 13:30 बजे अपराहन तक) आयोजित की जायेगी।
बक्सर जिला अंतर्गत कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें कुल 4338 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र में परीक्षा प्रारम्भ होने के 02 (दो) घण्टा पूर्व अर्थात पूर्वाहन 08:00 बजे से प्रवेश की अनुमति सघन frisking के पश्चात् दी जायेगी जो पूर्वाहन 09:00 बजे तक जारी रहेगा। इसके पश्चात् प्रवेश की अनुमति नहीं होगा।
परीक्षा प्रारम्भ होने के 03 घंटा पूर्व (07:00 बजे पूर्वाहन तक), केन्द्राधीक्षक एवं परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त कर्मी परीक्षा केन्द्र पर अवश्य उपस्थित हो जायेंगे। परीक्षा केन्द्र पर आवंटित परीक्षार्थियों की संख्या 500 से अधिक होने पर प्रत्येक 500 अभ्यर्थियों पर एक सहायक केन्द्राधीक्षक की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
परीक्षा केन्द्र के अन्दर किसी भी अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, वाई फाई गैजेट, पेन, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, Wrist Watch (सामान्य / Smart) ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रत्येक परीक्षा केन्द्र में स्टैटिक दण्डाधिकारी अपनी मौजूदगी में कक्षवार वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति Random तरीके से केन्द्राधीक्षक द्वारा कराना सुनिश्चित करेंगे। स्टैटिक दण्डाधिकारी परीक्षा के शांतिपूर्ण, कदाचार रहित एवं सफल संचालन के लिए केन्द्राधीक्षक को सम्पूर्ण सहयोग करेंगे।
जिला नियंत्रण कक्ष बक्सर समाहरणालय परिसर अवस्थित सभाकक्ष में कार्यरत होगा। जिसका दूरभाष संख्या 06183-222154 है। जिला नियंत्रण कक्ष के सम्पूर्ण प्रभार में श्री प्रशांत कुमार, निदेशक, डी०आर०डी०ए० (एन०ई०पी०) बक्सर एवं श्रीमती कविप्रिया, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आई०सी०डी०एस०), बक्सर रहेंगी।
बिहार राज्य एवं अन्य राज्यों के अभ्यर्थी सभी प्रमुख शहरों के रेलवे स्टेशन (रेल मार्ग) एवं बस स्टैण्ड (सड़क मार्ग) द्वारा अपने परीक्षा केन्द्रों पर आने एवं जाने के लिए यात्रा करेंगे, जिससे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अधिक भीड़ होने की संभावना है तथा विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है। उक्त के आलोक में जिले में परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र पर पहुँचने हेतु तथा समुचित मार्गदर्शन देने हेतु रेलवे स्टेशन, बक्सर एवं बस अड्डा, बक्सर पर बक्सर जिला में निर्धारित परीक्षा तिथि दिनांक 24.06.2026 को पूर्वाहन 05:00 बजे से अपराहन 03:00 बजे तक अथवा स्थिति सामान्य होने तक दण्डाधिकारी एवं पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
परीक्षा केन्द्रों पर इम्परसोनेशन एवं किसी प्रकार का कदाचार नहीं होने पाये। परीक्षा की तिथि को परीक्षा केन्द्रों पर सतत निगरानी के साथ परीक्षा के पूर्व परीक्षार्थियों के ठहरने के स्थानों यथा होटल/लॉज आदि पर भी निगरानी रखा जाय तथा किसी भी संदेहास्पद स्थिति में पूर्ण छानबीन कर आवश्यक कार्रवाई की जाय। थानाध्यक्ष, आर्दश थाना/औ०क्षे०/मु०, बक्सर उक्त के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करेंगे। अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, बक्सर इसका पर्यवेक्षण करेंगे।
परीक्षा तिथि दिनांक 24.06.2026 को यातायात सुगम रूप से संचालित हो तथा परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की कोई ट्रैफिक जाम एवं विधि-व्यवस्था उत्पन्न न हो, इसे पुलिस उपाधीक्षक यातायात बक्सर सुनिश्चित करेंगे।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी बक्सर को निदेश दिया गया कि परीक्षा तिथि दिनांक 24.06.2026 को एक अग्निशमन वाहन जिला नियंत्रण कक्ष, समाहरणालय, बक्सर में एवं एक अग्निशमन वाहन मॉडल थाना, बक्सर में चालू हालत में रखना सुनिश्चित करेंगे तथा अनुमण्डल पदाधिकारी, बक्सर से प्राप्त सूचना के आलोक में आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर को निदेश दिया गया कि केन्द्रीय चयन पर्षद, पटना द्वारा विज्ञापन संख्या 01/2026 के अन्तर्गत विशेष शाखा में 'सिपाही' (सामान्य बंद संवर्ग) के पद पर चयन के लिए अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा दिनांक 24.06.2026 को एकल पाली (प्रथम प्रश्न पत्र 10:00 बजे पूर्वाहन से 11:30 बजे पूर्वाहन तक एवं द्वितीय प्रश्न पत्र 12:00 बजे मध्याहन से 13:30 बजे अपराहन तक) बक्सर जिले के बक्सर शहर अंतर्गत परीक्षा केन्द्र क्षेत्र में निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति कराना सुनिश्चित करेंगे। ताकि सभी निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर कदाचार मुक्त परीक्षा सम्पन्न कराया जा सके।
अनुमण्डल दण्डाधिकारी, बक्सर परीक्षा केन्द्र के 200 मीटर की दूरी पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के अन्तर्गत कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा की तिथि दिनांक 24.06.2026 को परीक्षा केन्द्रों के आस-पास के फोटो स्टेट दुकानों को परीक्षा समाप्ति तक बन्द कराना सुनिश्चित करेंगे। विधि-व्यवस्था संधारण हेतु आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करेंगे।
अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं पुलिस उपाधीक्षक साईबर थाना बक्सर सोशल मीडिया पर साईबर सेनानी व्हाट्सप्प ग्रुप के माध्यम से लगातार नजर बनाये रखेंगे। आपत्तिजनक टिप्पणी प्राप्त होने पर तत्क्षण कार्रवाई करेंगे।
असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, बक्सर को निदेश दिया गया कि परीक्षा तिथि दिनांक 24.06.2026 को जिला नियंत्रण कक्ष, समाहरणालय, बक्सर एवं सदर अस्पताल, बक्सर में एक एम्बुलेंस एवं चिकित्सक टीम जीवनरक्षक दवाओं के साथ तैयार हालत में रखेंगे।
परीक्षा तिथि दिनांक 24.06.2026 को बक्सर अनुमण्डल अंतर्गत सभी परीक्षा केन्द्रों के लिए अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर सम्पूर्ण विधि व्यवस्था के प्रभार में रहेंगे। वे परीक्षा अवधि में लगातार क्षेत्र में बने रहेंगे तथा सभी परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करते रहेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा का संचालन स्वच्छ एवं कदाचार मुक्त वातावरण में सम्पन्न हो।
विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत विशेष शाखा में 'सिपाही' (सामान्य बंद संवर्ग) के पद पर चयन हेतु अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा के सफल संचालन हेतु अपर समाहर्त्ता-सह-अपर जिला दण्डाधिकारी, बक्सर वरीय प्रभार में रहेंगे।
विधि व्यवस्था संधारण हेतु 13 स्टैटिक दंडाधिकारी सह प्रेक्षक, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल, 20 जोनल मजिस्ट्रेट सह समन्वय प्रेक्षक, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल एवं 02 उड़न दस्ता दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar @top fans Buxar Administration CMO Bihar #BuxarNews #buxarcity #buxar #buxarjila #bihar #topfollowers
2 views | Buxar, Bihar | Jun 23, 2026