जल निगम के कार्यों में धीमी प्रगति पर डीएम नाराज, फर्मों पर जुर्माने के निर्देश
कौशांबी। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा ने मंगलवार को उदयन सभागार में जल निगम, नलकूप एवं सिंचाई विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में ओवरहेड टैंक निर्माण, पाइपलाइन बिछाने, गृह संयोजन एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के कार्यों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिशासी अभियंता जल निगम तथा कार्यदायी संस्थाओं जेएमसी एवं बाबा जी.ए. इंफ्रा को अतिरिक्त श्रमिक लगाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी को धीमी प्रगति वाली फर्मों के विरुद्ध आर्थिक दंड लगाए जाने के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने भूमि विवाद से जुड़ी समस्याओं को उपजिलाधिकारियों के सहयोग से निस्तारित कर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने को कहा। वहीं सिंचाई विभाग को खरीफ सीजन में किसानों को सिंचाई की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराने तथा नलकूप विभाग को बंद पड़े नलकूपों को शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जल जीवन मिशन के तहत जनपद की 275 पेयजल परियोजनाओं में से 201 परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है।
रामवन गमन मार्ग और एयरपोर्ट-कौशांबी मार्ग की भी हुई समीक्षा
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन रामवन गमन मार्ग एवं प्रयागराज एयरपोर्ट-कौशांबी मार्ग के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भूमि संबंधी बाधाओं का समाधान कराते हुए निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। रामवन गमन मार्ग के निर्माण कार्य को भी निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
#कौशांबी #Kaushambi #DMKaushambi #DrAmitPalSharma #JalJeevanMission JalNigam IrrigationDepartment NalkoopDepartment DevelopmentWork ReviewMeeting OverheadTank PipelineWork RoadRepair Infrastructure RamvanGamanMarg PrayagrajAirportRoad PWD PublicWorksDepartment Farmers KharifSeason DrinkingWater GovernmentProjects UPNews HindiNews DainikJagran BreakingNews KaushambiNews DevelopmentNews LatestNews UttarPradesh