स्वारघाट में किरतपुर-नैरचौक फोरलेन पर मेहला टनल नंबर एक के पास लकड़ी से भरा ट्रक पलट गया, जिसमें दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को एम्स बिलासपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के अनुसार, रात के समय ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे लगभग डेढ़ से दो घंटे तक फोरलेन पर यातायात पूरी तरह से बाधित रहा। घायल चालक व परिचालक की पहचान बलजीत सिंह और जस्सा के रूप में हुई है, जो दोनों पंजाब के रूपनगर जिले के निवासी हैं। दोनों घायलों को सीएचसी स्वारघाट की 108 एम्बुलेंस द्वारा एम्स बिलासपुर ले जाया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों घायलों का उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति अब सुरक्षित बताई जा रही है। हादसे की सूचना पर्यटन एवं यातायात पुलिस थाना भगेड़ को दी गई। सूचना मिलते ही भगेड थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।