प्रेस विज्ञप्ति
जिला जन संपर्क कार्यालय, जमुई
8 जून 2026
शीर्षक: जमुई के सभी 10 प्रखंडों में आगामी 17 और 18 जून को दो दिवसीय 'प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर' का होगा आयोजन। एक ही परिसर में होगा केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का ऑन-द-स्पॉट निपटारा।
जमुई: आम जनमानस तक केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से जमुई जिला प्रशासन एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। आगामी 17 एवं 18 जून, 2026 को जिले के सभी 10 प्रखंडों में एक साथ दो दिवसीय विशेष 'प्रखण्ड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर' का आयोजन किया जाएगा। पूर्व से नगर निकायों और पंचायतों में चल रहे सहयोग शिविरों की निरंतरता को यथावत् रखते हुए इस विशेष प्रखंड स्तरीय अभियान को व्यापक स्तर पर गति दी जा रही है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रह जाए।
इस महाभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए आज जिला पदाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) ने संबंधित जिला व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय-सीमा के भीतर दुरुस्त करने का कड़ा निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया कि जन-कल्याण और जनता से जुड़ी बुनियादी समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर कोताही या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोषी कर्मियों पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी देते हुए सभी अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और हर योग्य लाभार्थी तक पहुंचने का निर्देश दिया।
इस दो दिवसीय विशेष शिविर के दौरान एक ही परिसर में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े लंबित मामलों का मौके पर ही निपटारा किया जाएगा। शिविर में मुख्य रूप से आयुष्मान भारत ,आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाने की प्रक्रिया को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत आने वाले वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग लाभार्थियों के लंबित आवेदनों का निबंधन और सत्यापन भी मौके पर ही संपन्न होगा। इस शिविर में पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वयं सहायता समूह लिंकेज के माध्यम से लखपति दीदी योजना, पीएम स्वनिधि और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी महत्वपूर्ण केंद्रीय योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। वहीं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजनाएं, मुख्यमंत्री स्वयं-सहायता भत्ता योजना और बिहार भवन एवं अन्य कर्मकार कल्याण बोर्ड से जुड़े निर्माण श्रमिकों के हितार्थ चल रही कल्याणकारी योजनाओं सहित अन्य महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं के आवेदन, सत्यापन एवं देय लाभों का वितरण भी सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आम जनता की सुविधा के लिए सूचित किया है कि इन योजनाओं का ऑन-द-स्पॉट लाभ लेने और अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवेदक पूरी तैयारी के साथ शिविर में आएं। सभी आम नागरिकों से अनुरोध है कि वे आवेदन या निबंधन हेतु अपने साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक (जिसमें खाता संख्या और आईएफएससी कोड स्पष्ट हो तथा खाता आधार से लिंक हो), दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा योजना से संबंधित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र जैसे- आय, जाति, निवास, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, पति का मृत्यु प्रमाण पत्र अथवा शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की मूल प्रति और छायाप्रति अवश्य साथ लाएं ताकि मौके पर ही दस्तावेजों का सत्यापन कर त्वरित लाभ दिया जा सके।
जमुई जिला प्रशासन समस्त जिलेवासियों से अपील करता है कि वे अपने-अपने प्रखंड में आयोजित होने वाले इस सहयोग शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान पाएं और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठाएं। इसके साथ ही जिला प्रशासन सभी मीडियाकर्मियों से भी अपील करता है कि वे अपने समाचार माध्यमों से इस शिविर की तिथि, इसके कल्याणकारी उद्देश्यों और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी को आम जनता तक व्यापक रूप से पहुंचाएं। जिला प्रशासन जमुई जनता की हर समस्या के त्वरित और संवेदनशील समाधान के लिए पूरी तरह तत्पर है
#jamui #jamuinews #bihardistrictadministration Information & Public Relations Department, Government of Bihar General Administration Department, Govt. of Bihar ।
8 views | Jamui, Bihar | Jun 8, 2026