सरदार पटेल विद्यालय वैरमपुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्र-छात्राओं को बताए गए यातायात नियम
संतकबीरनगर, 03 जुलाई। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को सरदार पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय, वैरमपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक योगेंद्र चौहान, प्रधानाचार्या संगीता चौधरी सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। वहीं यातायात पुलिस की ओर से प्रभारी यातायात परमहंस, मुख्य आरक्षी अयोध्या साहनी, मुख्य आरक्षी आनंद मोहन सिंह एवं आरक्षी सौरव उपाध्याय ने सहभागिता की।इस दौरान प्रभारी यातायात परमहंस ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात संकेतों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सड़क पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों और सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों एवं उनसे बचाव के उपायों की भी विस्तार से जानकारी दी।
यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार, अभिभावकों तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकगण ने संतकबीरनगर पुलिस के जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
संतकबीरनगर पुलिस की अपील: "यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा।"