कांवड़ यात्रा को लेकर महुली पुलिस अलर्ट, डीजे संचालकों को बांटे रेड कार्ड नोटिस
संतकबीरनगर। आगामी पवित्र कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना के निर्देश पर थाना महुली परिसर में डीजे संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी ने की।बैठक के दौरान क्षेत्र के सभी डीजे संचालकों को शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें रेड कार्ड नोटिस वितरित करते हुए कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।पुलिस ने स्पष्ट किया कि डीजे की ऊंचाई, चौड़ाई एवं ध्वनि स्तर शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होना चाहिए। किसी भी प्रकार के अश्लील, भड़काऊ अथवा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गीत, नारे या आपत्तिजनक सामग्री का प्रसारण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा डीजे वाहनों पर ओवरलोडिंग, खतरनाक स्टंट और सुरक्षा मानकों की अनदेखी न करने की सख्त हिदायत दी गई।बैठक में डीजे संचालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने, पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने तथा विद्युत तारों, भीड़-भाड़ वाले और संवेदनशील मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने के लिए भी कहा गया।महुली पुलिस ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और अनुशासन का पर्व है, इसलिए यात्रा के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने या निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।बैठक के अंत में सभी डीजे संचालकों ने प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया।