भिण्ड सड़क हादसे के पीड़ित परिवारों को सपा ने दी आर्थिक सहायता
लखीमपुर खीरी। मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में मोहम्मदी क्षेत्र के आठ मजदूरों की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद समाजवादी पार्टी ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर मोहनलालगंज सांसद आर.के. चौधरी और धौरहरा सांसद आनंद भदौरिया ने क्षेत्र में पहुंचकर मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये तथा 15 घायलों को दस-दस हजार रुपये के चेक वितरित किए।
सांसद आनंद भदौरिया ने बताया कि मजदूर मध्य प्रदेश में धान रोपाई का कार्य कर लौट रहे थे, तभी एनएच-719 पर सड़क दुर्घटना हो गई। उन्होंने घायलों से अस्पताल में मुलाकात कर उनका हाल जाना और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
सांसद आर.के. चौधरी ने कहा कि रोजगार के अभाव में मजदूरों को दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है। सपा ने सरकार से मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये तथा घायलों को 5-5 लाख रुपये की सहायता देने की मांग की है।
इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।