प्रेस विज्ञप्ति
जिला जन संपर्क कार्यालय, जमुई
05 जून 2026
शीर्षक: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जमुई वन प्रमंडल के तत्वावधान में जिले भर में रही जागरूकता कार्यक्रमों की धूम, परिवहन मंत्री ने नागी पक्षी अभ्यारण्य से दिया हरित जमुई का संदेश, जिला पदाधिकारी, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय चिल्ड्रेन पार्क में किया वृक्षारोपण।
जमुई: विश्व पर्यावरण दिवस के गौरवमयी अवसर पर आज जमुई वन प्रमंडल द्वारा पूरे जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक मुहिम में जिले के विभिन्न विद्यालयों, सामाजिक संगठनों और सरकारी परिसरों में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, सरकारी कर्मियों सहित आम नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और धरती को हरा-भरा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। पर्यावरण दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन झाझा स्थित प्रसिद्ध नागी पक्षी अभ्यारण्य में किया गया, जहाँ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बिहार सरकार के माननीय परिवहन मंत्री श्री दामोदर रावत ने परिसर में पौधारोपण कर इस राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की। अपने संबोधन में माननीय मंत्री ने हरित आवरण को बढ़ाने के लिए जनसहभागिता को सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया और इसके तुरंत बाद पर्यावरण चेतना के प्रसार के लिए एक विशेष 'पर्यावरण रथ' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो जिले के सुदूर क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को जैव विविधता संवर्धन और वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करेगा।
इसी क्रम में जिला प्रशासन की ओर से जमुई शहर के स्थानीय चिल्ड्रेंस पार्क में एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिला पदाधिकारी श्री नवीन ( भा. प्र.से.)और पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल ( भा पु से) ने स्वयं पौधे लगाकर पर्यावरण के प्रति अपनी प्रशासनिक प्रतिबद्धता जाहीर की। इस अवसर पर जिले के नागरिकों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण समस्त चराचर जगत और मानव जीवन के कल्याण के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जमुई के समृद्ध प्राकृतिक वातावरण को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए हर नागरिक से अपील की कि वे अपने जीवन में प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और इस हरित आवरण को बचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संदीप सिंह ने अपने संबोधन में उन्होंने इस बात पर विशेष चिंता व्यक्त की कि वर्तमान समय में वैश्विक स्तर पर बढ़ते ग्लोबल वार्मिंग और अनियंत्रित जलवायु परिवर्तन के दौर में प्रकृति का संतुलन बुरी तरह डगमगा रहा है। ऐसी विकट परिस्थितियों में हमारे द्वारा लगाया गया हर एक पौधा इस धरती को बचाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा। उन्होंने पूरी न्यायपालिका और जिले के नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा कि हमें आने वाली पीढ़ी को एक न्यायपूर्ण समाज के साथ-साथ एक स्वच्छ और सांस लेने योग्य हरा-भरा पर्यावरण भी विरासत में सौंपना होगा।"
पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि पर्यावरण का संरक्षण किसी एक दिन की रस्म नहीं है, बल्कि इसे हमें अपने दैनिक व्यवहार में शामिल करना होगा। उन्होंने कहा कि यह दिन अपने आसपास के परिवेश को हरा-भरा रखने के अटूट संकल्प का दिन है और प्रकृति हमें अधिक संवेदनशील होकर कार्य करने का संदेश देती है, क्योंकि इसके आंचल में ही समस्त जीव-जंतुओं का अस्तित्व सुरक्षित है।
समारोह के दौरान एक विशेष संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरणविदों और वक्ताओं ने वन, वन्यजीवों के महत्व तथा जलवायु परिवर्तन की वैश्विक चुनौतियों और उनके स्थानीय समाधानों पर अत्यंत विस्तृत व ज्ञानवर्धक चर्चा की। इस संबंध में जानकारी देते हुए जमुई वन प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री तेजस जायसवाल ने बताया कि इस पावन अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों और सरकारी कार्यालयों में पौधारोपण, जागरूकता रैली, चित्रकला एवं निबंध जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है ताकि युवाओं और भावी पीढ़ी में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को गहरे से रोपा जा सके। कार्यक्रम के समापन पर जमुई वन प्रमंडल द्वारा जिले के समस्त सम्मानित नागरिकों से इस मानसून सत्र में अधिकाधिक वृक्षारोपण करने और लगाए गए पौधों की सुरक्षा का दायित्व उठाने की भावुक अपील की गई।
#jamuiupdate #jamuinews #jamui General Administration Department, Govt. of Bihar Information & Public Relations Department, Government of Bihar The Jamui News Forest Department, Government of Bihar
3 views | Jamui, Bihar | Jun 5, 2026