54 वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाने की तैयारी, देहरा में रामलीला पूर्वाभ्यास शुरू
देहरा।। #News123 ।। श्री रामलीला कमेटी देहरा की ओर से आगामी रामलीला महोत्सव को लेकर पूर्वाभ्यास का शुभारंभ कर दिया गया है। पूर्वाभ्यास शुरू होते ही कलाकारों में उत्साह का माहौल है और रामलीला के विभिन्न प्रसंगों को मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए कलाकार संवाद, अभिनय और दृश्यों की तैयारी में जुट गए हैं।
देहरा की ऐतिहासिक रामलीला वर्ष 1972 से लगातार आयोजित होती आ रही है और इस वर्ष रामलीला के 54 वर्ष पूरे हो रहे हैं। कमेटी की ओर से इस बार भी 11 दिवसीय रामलीला महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
पूर्वाभ्यास के दौरान कलाकारों को उनके पात्रों के संवाद, अभिनय शैली और मंच प्रस्तुति को लेकर अभ्यास करवाया जा रहा है। कमेटी का प्रयास है कि रामलीला के प्रत्येक प्रसंग को दर्शकों के सामने प्रभावशाली और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया जाए।
श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष नीतीश परमार, वित्त अध्यक्ष अभय चौहान, उपाध्यक्ष शेखर ठाकुर व सौरभ सूद, संचालक पवन शर्मा, महासचिव पंकज मेहरा, विशाल परमार, निदेशक अभिनव वालिया, सचिव अंकुश वर्मा, सचिन शर्मा, संजीव शर्मा, विकास वालिया, सह सचिव अमन राणा, अरुण भारद्वाज, रजनीश कुमार, ध्रुव चौहान, आदित्य शर्मा, अमित वालिया एवं अमन वालिया सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि देहरा की रामलीला क्षेत्र की 54 वर्षों पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत है। इस परंपरा को कायम रखने के लिए कलाकारों और कमेटी सदस्यों द्वारा पूरी मेहनत की जा रही है। रामलीला महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और आगामी दिनों में पूर्वाभ्यास को और व्यापक रूप दिया जाएगा।