*वित्तीय साक्षरता पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
ज्वालामुखी, 11 सितंबर 2026: स्वतंत्रता सेनानी पं. सुशील रतन राजकीय महाविद्यालय, ज्वालामुखी के बीबीए विभाग द्वारा विद्यार्थियों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “वित्तीय साक्षरता” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की थीम “स्मार्ट बचत, स्मार्ट निवेश विद एसआईपी” रही। कार्यक्रम के रिसोर्स पर्सन डॉ. अनुपम बाहरी ने विद्यार्थियों को बचत, निवेश, वित्तीय योजना तथा धन के उचित प्रबंधन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से बचत करने, आय-व्यय का उचित बजट बनाने तथा भविष्य के वित्तीय लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए समझदारी से निवेश करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को एसआईपी (सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने समझाया कि एसआईपी के माध्यम से एक निश्चित राशि नियमित अंतराल पर निवेश की जाती है, जिससे निवेश में अनुशासन विकसित होता है और दीर्घकालीन वित्तीय लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायता मिल सकती है। साथ ही, विद्यार्थियों को बाजार जोखिम, निवेश संबंधी सावधानियों तथा बिना पूरी जानकारी के किसी भी वित्तीय योजना में निवेश न करने के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी निवेश योजनाओं तथा आकर्षक रिटर्न के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह भी दी गई। कार्यक्रम में बीबीए प्रथम, तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर सुश्री रेखा एवं सुश्री साक्षी भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वित्तीय जागरूकता, नियमित बचत की आदत, वित्तीय अनुशासन तथा समझदारी से निवेश करने की भावना विकसित करना रहा। विद्यार्थियों ने वित्तीय प्रबंधन, बचत, निवेश एवं एसआईपी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक रहा।