*इंदौर ग्रामीण पुलिस द्वारा “सेफ क्लिक 2.0” का शुभारंभ*
-----
*पुलिस अधीक्षक श्री राजेन्द्र कुमार वर्मा ने हजारों युवाओं को बनाया साइबर सुरक्षा का प्रहरी, जागरूकता रथ को किया रवाना*
इंदौर, 24 जून 2026
साइबर अपराधों के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इंदौर ग्रामीण पुलिस द्वारा “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। बंसल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में एक हजार से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कॉलेज स्टाफ ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र कुमार वर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया ठगी, बैंकिंग फ्रॉड तथा ओटीपी फ्रॉड जैसे अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है और प्रत्येक नागरिक को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क एवं जिम्मेदार रहना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा ने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक युवा साइबर सुरक्षा का संदेश अपने आसपास के लोगों तक पहुंचाए तो साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक श्री उमाकांत चौधरी ने साइबर अपराधों की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करना चाहिए तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को “साइबर वॉरियर” बनकर समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
उप पुलिस अधीक्षक श्री नितिन सिंह ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, जिम्मेदार नागरिक कर्तव्यों तथा साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विशेषज्ञों ने समाधान किया तथा सभी प्रतिभागियों ने साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ ली।
कार्यक्रम के बाद पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा ने साइबर एवं यातायात जागरूकता के लिए तैयार विशेष जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर महू क्षेत्र के लिए रवाना किया। यह रथ महू एवं आसपास के क्षेत्रों में साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया अपराधों तथा यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करेगा। साथ ही नागरिकों को साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया एवं सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी उपलब्ध कराएगा।
पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा के निर्देशन में थाना सांवेर, देपालपुर, गौतमपुरा, सिमरोल, खोड़ैल, बड़गोंदा, मानपुर, बेटमा एवं हातोद सहित इंदौर ग्रामीण जिले के सभी थाना क्षेत्रों में “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के अंतर्गत व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, त्वरित शिकायत और डिजिटल सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पुलिस अधीक्षक श्री राजेन्द्र कुमार वर्मा के प्रेरणादायी उद्बोधन की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समय की आवश्यकता बताया। “सजग नागरिक–सुरक्षित साइबर स्पेस” और “सावधानी ही सुरक्षा है” के संदेश के साथ इंदौर ग्रामीण पुलिस का “सेफ क्लिक 2.0” अभियान जिलेभर में निरंतर जारी रहेगा।
#DigitalSafety #IndoreRuralPolice #CyberWarrior #JansamparkMP #indore #इंदौर
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Indore Police