#राम मंदिर घोटाले को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
#बलिया, 24 जून,(देवव्रत संवाद)।* उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर जिला कांग्रेस कमेटी बलिया के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अयोध्या के राम मंदिर में हुए कथित घोटाले और चोरी के मामले में प्रदेश सरकार की उदासीनता के खिलाफ जिला अधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के राज्यपाल को पत्र भेजा।
#पत्र देते हुए जिला कांग्रेस कमेटी बलिया के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है भ्रष्टाचार उनके यहां जांच का विषय नहीं होता। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़े राम मंदिर में बरसों से हो रहे घोटाले को उत्तर प्रदेश सरकार की मौन स्वीकृति मिल रही है।
#नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं कर सकती और दोषियों को सजा दिलाने के लिए सड़क पर उतरने को तैयार है। जब तक दोषियों पर एफआईआर दर्ज नहीं हो जाती कांग्रेस पार्टी चैन से नहीं बैठेगी।
#इस मौके पर सत्य प्रकाश मुन्ना उपाध्याय, ओम प्रकाश तिवारी, उषा सिंह, महाप्रसाद चौबे, अबुल फैज़, शशिकांत मिश्रा, मदन यादव, हृदयानंद पाण्डेय, अमरनाथ राम, वंशबहादुर भारती, हीरा राम, विनोद सिंह, राजेंद्र प्रसाद, शाहिद अली खान, संग्राम तिवारी, राहुल चौबे, भृगुनाथ पाल आदि उपस्थित थे।