पुलिस प्रेस नोट
29 सितंबर 2026
पुलिस आयुक्त कार्यालय में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
पुलिस कर्मचारियों के साथ हिमाद्री कौशिक, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय ने भी कराई स्वास्थ्य जांच
फरीदाबाद: पुलिस कर्मचारियों की सख्त और व्यस्त ड्यूटी के मद्देनजर विभाग अपने कर्मचारियों के उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति सदैव सजग रहता है। इसी दिशा में आज 29 सितंबर को पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर 21C फरीदाबाद में एक विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन कराया गया। इस दौरान 150 से अधिक पुलिस कर्मचारियों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि डॉ. सूरज प्रकाश आरोग्य केंद्र द्वारा भारत विकास परिषद के सहयोग से कार्यालय पुलिस आयुक्त सेक्टर 21C फरीदाबाद में यह शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अनुभवी डॉक्टरों व विशेषज्ञों की टीम ने पुलिसकर्मियों के ब्लड प्रेशर (BP), ब्लड शुगर, जनरल फिजिशियन परामर्श तथा नेत्र (ऑप्टोमेट्रिस्ट) जांच की। जांच के दौरान कई कर्मचारियों को आंखों में आंशिक कमी के बारे में पता चला, जिन्हें डॉक्टरों द्वारा उचित सलाह दी गई।
इस अवसर पर फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर श्री सतेंद्र कुमार गुप्ता, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय श्रीमती हिमाद्री कौशिक तथा वेलफेयर इंचार्ज इंस्पेक्टर माया विशेष रूप से मौजूद रहे। श्रीमती हिमाद्री कौशिक, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय ने खुद भी शिविर का लाभ उठाया और अपनी स्वास्थ्य व नेत्र जांच कराई।
पुलिस उपायुक्त, मुख्यालय हिमाद्रि कौशिक ने कहा कि पुलिस कर्मचारी लगातार चुनौतीपूर्ण ड्यूटी करते हैं, जिस कारण उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना रहती है। ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को सेहत के प्रति जागरूक करना और शरीर में पनप रही किसी भी बीमारी का शुरुआती स्तर पर ही पता लगाकर उचित समय पर इलाज सुनिश्चित कराना है। विभाग द्वारा समय-समय पर कर्मचारियों के लिए ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहते हैं।
पुलिस प्रवक्ता