अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुर्नविकसित सांची रेलवे स्टेशन का प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वर्चुअली किया लोकार्पण
सांची में महामहिम राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ कार्यक्रम
––––
––––
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरियाणा के जींद में आयोजित कार्यक्रम में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए गए सांची रेलवे स्टेशन का वर्चुअली लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर सांची में भी महामहिम राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित सांची रेलवे स्टेशन का लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, भोजपुर विधायक श्री सुरेंद्र पटवा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, श्री राकेश शर्मा कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे के बुनियादी ढाँचे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना के तहत पुराने रेलवे स्टेशनों को आधुनिक और यात्री-सुलभ बनाने के साथ ही उन्हें आकर्षक सार्वजनिक स्थलों के रूप में भी विकसित किया जा रहा है। पुर्नविकसित रेल्वे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवीन तकनीक, बेहतर यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, सुगम पहुँच सहित अन्य विशेषताएं हैं। यह योजना यात्रा के अनुभव को बेहतर बनाने के साथ ही स्थानीय आवश्यकताओं और सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन स्टेशन को एक समग्र, आधुनिक और सुलभ परिवहन केंद्र में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि सांची रेल्वे स्टेशन के पुर्नविकास में बौद्ध स्तूप के साथ ही क्षेत्रीय सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर तथा स्थापत्य की झलक को दिखाने का प्रयास किया गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना केवल एक अवसंरचनात्मक परियोजना नहीं है। बल्कि यह भारत के शहरों और सार्वजनिक जीवन को पुनर्परिभाषित करने की एक दूरदर्शी पहल है। यह रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ, सुलभ, सांस्कृतिक रूप से समृद्ध और तकनीकी रूप से उन्नत केंद्रों में रूपांतरित कर रही है। यह योजना भारत के शहरी परिदृश्य को स्मार्ट, समावेशी और टिकाऊ स्वरूप देने का माध्यम बन रही है। आज ये स्टेशन केवल यात्रा के पड़ाव भर नहीं हैं, बल्कि ये एक नए एवं विकसित नवभारत के आत्मविश्वास, प्रगति और संभावनाओं के प्रवेश द्वार बन चुके हैं।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सांची रेलवे स्टेशन को अगले 40 से 50 वर्षों की बुनियादी ढांचे की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इनमें यात्रियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं। स्टेशनों पर अपग्रेडेड सर्कुलेटिंग एरियाए विशाल वेटिंग हॉल, आधुनिक ट्रेन इंडिकेटर बोर्ड और कोच गाइडेंस सिस्टम लगाए गए हैं। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर उचित प्रबंध किए गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा और उनके आने-जाने को आसान बनाने के लिए स्टेशनों पर फुट ओवरब्रिज को चौड़ा किया गया है। इसके अतिरिक्त भी अन्य महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
महामहिम राज्यपाल ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पूनर्विकसित किए गए रायसेन जिले की साँची स्टेशन की लोकार्पण पट्टीका का अनावरण किया। इस अवसर पर शासकीय सांदीपनी विद्यालय के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक नृत्य एवं योगाभ्यास की प्रस्तुति दी गई। महामहिम राज्यपाल श्री पटेल द्वारा विद्यालय के बच्चों को प्रमाणपत्र एवं ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया।
महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सरकार श्रीमती सावित्री ठाकुर द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पूनर्विकसित किए गए रायसेन जिले के सांची स्टेशन के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सांची विश्व धरोहर के लिए प्रसिद्ध है अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पूनर्विकसित होने से यहां पर ट्रेनों का आवागमन और टूरिज्म और विकसित होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित सांची रेलवे स्टेशन नगरवासियों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि स्टेशन के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। यह स्टेशन न केवल स्थानीय नागरिकों बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सांची रेलवे स्टेशन क्षेत्र के समग्र विकास तथा पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Bhopal Commissioner
Raisen, Madhya Pradesh | Jul 17, 2026