नंद लाल के निधन से कांग्रेस ने खोया बड़ा दलित नेता, हिमाचल में पार्टी को अपूरणीय क्षति : हर्षवर्धन चौहान
शिमला। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने रामपुर के चार बार विधायक रहे एवं राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नंद लाल के निधन से कांग्रेस पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में एक बड़ा दलित नेता और अनुभवी राजनेता खो दिया है। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। नंद लाल बेहद नेकदिल, ईमानदार और सादगी पसंद व्यक्ति थे। राजनीति में आने से पहले उन्होंने एसपीजी में सेवाएं दी थीं और देश के कई प्रधानमंत्रियों तथा बड़े नेताओं के सुरक्षा अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाई थीं।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि विधायक के रूप में भी नंद लाल का रामपुर क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा। वह जमीन से जुड़े हुए और बेहद सज्जन व्यक्ति थे। उनके निधन से न केवल रामपुर बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को बड़ा नुकसान हुआ है। उनके जाने से पार्टी ने एक अनुभवी और कद्दावर नेता खो दिया है। उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
वहीं, नंद लाल के निधन के बाद लवी मेले को स्थगित किए जाने के सवाल पर उद्योग मंत्री ने कहा कि उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं है। हालांकि, यदि मेला स्थगित किया गया है तो यह दिवंगत नेता के प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि का प्रतीक है, क्योंकि नंद लाल क्षेत्र के चुने हुए जनप्रतिनिधि थे।