#अंतर्राष्ट्रीय_योग_दिवस..
भरतपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के विश्व शांति भवन सेवा केंद्र द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में भरतपुर विकास प्राधिकरण ऑडिटोरियम पार्क में एक भव्य योग एवं राजयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी कविता दीदी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयुष विभाग के अतिरिक्त निदेशक साधु राम रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गणपति महावर, व्यापार महासंघ के अध्यक्ष संजीव गुप्ता और 7th RAC बटालियन के कमांडर राजेंद्र प्रसाद उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने योग और राजयोग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक शक्ति और सकारात्मक जीवनशैली का मुख्य आधार है। कार्यक्रम की शुरुआत ईश्वरीय स्मृति गीत और अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद कुमारी जिज्ञासा ने आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। योग सत्र के दौरान वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी बबीता दीदी और ब्रह्माकुमार रणवीर भाई ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया। कार्यक्रम के समापन पर ब्र.कु. जुगल किशोर सैनी ने सभी का आभार व्यक्त किया और उपस्थित भाई-बहनों व गणमान्य नागरिकों को ईश्वरीय प्रसाद वितरित किया गया।