*पुरानी रंजिश में होटल बुलाकर युवक पर चाकू से हमला*
*एक दिन पहले दी थी जान से मारने की धमकी; पैर, जांघ और हाथ में आई चोटें, जिला अस्पताल में भर्ती*
सतना। सिटी कोतवाली क्षेत्र के खेरमाई रोड स्थित परिहार होटल में रविवार दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मारुति नगर निवासी ऋषभ को अनिकेत मिश्रा ने बातचीत के लिए परिहार होटल के एक कमरे में बुलाया था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर अनिकेत ने चाकू से ऋषभ पर हमला कर दिया। चाकू लगने से ऋषभ के पैर, जांघ और हाथ में चोटें आई हैं।
*एक दिन पहले दी थी धमकी*
घायल ऋषभ के मुताबिक आरोपी अनिकेत ने घटना से एक दिन पहले भी उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद रविवार को होटल में बुलाकर विवाद के दौरान चाकू से हमला कर दिया गया।
घटना के बाद घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस का कहना है कि बयान और घटनाक्रम के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
Raghurajnagar Nagareey, Satna | Aug 9, 2026