मुरैना में एडिशनल एसपी का बड़ा एक्शन, रेत से भरा ट्रैक्टर पकड़ा
मुरैना। जिले में अवैध रेत के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार को एडिशनल एसपी सुरेंद्र सिंह डाबर ने खुद कार्रवाई करते हुए रेत से भरे एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक एडिशनल एसपी सुरेंद्र सिंह डाबर नेशनल हाईवे से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर रेत से भरे ट्रैक्टर पर पड़ी। उन्होंने ट्रैक्टर का पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख ट्रैक्टर चालक ने वाहन को तेज गति से भगाया और गलियों व दूसरे रास्तों से होते हुए भागने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि पीछा करते हुए एडिशनल एसपी ट्रैक्टर के पीछे जोरा रोड स्थित राधे कृष्णा हॉस्पिटल के पीछे तक पहुंचे, जहां ट्रैक्टर को पकड़ लिया गया।
ट्रैक्टर पकड़े जाने के बाद पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।