*जिलाधिकारी बस्ती कृतिका ज्योत्स्ना के निर्देश पर बेनीपुर में बाढ़ जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को बचाव के गुर सिखाए*
*जनपद बस्ती ,उत्तर प्रदेश 03 अगस्त 2026*
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में संचालित बाढ़ पूर्व तैयारियों एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज विकासखंड क्षेत्र के ग्राम बेनीपुर में बाढ़ सुरक्षा एवं आपदा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को संभावित बाढ़ की स्थिति में स्वयं की सुरक्षा, समय रहते तैयारी तथा आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में 30वीं वाहिनी पीएसी, गोंडा की बाढ़ राहत टीम के प्लाटून कमांडर कमलेश कुमार ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बाढ़ के दौरान सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने लाइफ जैकेट के सुरक्षित उपयोग, खोज एवं बचाव का व्यावहारिक प्रदर्शन प्रस्तुत किया। टीम ने बाढ़ के समय संयम बनाए रखने, सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में सामुदायिक सहयोग की महत्ता पर भी प्रकाश डाला।
जिला आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन ने बाढ़ से पूर्व की जाने वाली तैयारियों, परिवार एवं पशुधन की सुरक्षा, महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित रखने, आपातकालीन किट तैयार करने तथा प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों पर निगरानी रखने की जानकारी दी। उन्होंने बाढ़ के दौरान एवं उपरांत "क्या करें एवं क्या न करें" के बारे में विस्तार से बताया। रंजीत रंजन ने वर्षा एवं बाढ़ के मौसम में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों को बचाव एवं प्राथमिक उपचार के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक न करें, रोगी को शांत रखें और तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, युवाओं, स्वयंसेवकों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने प्रशासन का सहयोग करने तथा अपने गांव को आपदा-प्रतिरोधी बनाने का संकल्प लिया।
जनपद प्रशासन द्वारा यह जन-जागरूकता अभियान आगामी दिनों में बाढ़ संभावित अन्य ग्रामों में भी आयोजित किया जाएगा।
*संवाददाता: हरी ओम प्रकाश*
*राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Aug 3, 2026