Bihar news : बगहा पुलिस जिला के पिपरासी थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। भिलोरवा टोला गांव के सरेह में शुक्रवार को एक 18 वर्षीय युवती का शव पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान गांव निवासी मुनिलाल सहनी की 18 वर्षीय पुत्री चुलबुली उर्फ गुड़िया के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बीते मंगलवार को वह गांव की चार-पांच लड़कियों के साथ मवेशियों के लिए चारा लाने गई थी। अन्य सभी लड़कियां घर लौट आईं, लेकिन गुड़िया वापस नहीं आई। देर शाम तक परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार को गांव के कुछ लोग मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सरेह में एक पेड़ से युवती का शव लटका देखा और तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पिपरासी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला पारिवारिक कलह से जुड़ी आत्महत्या का बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पिपरासी थानाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।#Bagaha #Piprasi #WestChamparan #Bihar #BreakingNews #CrimeNews #SuicideCase #PoliceInvestigation #BiharPolice #LocalNews #HindiNews #IndiaNews #Justice #TrendingNews #NewsUpdate