छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी ने तमसा नदी छठ घाट का किया निरीक्षण, स्वच्छता, प्रकाश एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर तैयारियों का जायजा लेने हेतु आज दिनांक 07.11.2026 को जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश ने हिसुआ प्रखंड अंतर्गत तमसा नदी छठ घाट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी छठव्रतियों के लिए साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं चेंजिंग रूम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने नगर परिषद एवं संबंधित पदाधिकारियों को जिले के सभी छठ घाटों पर स्थापित हाईमास्ट लाइट एवं स्ट्रीट लाइटों का सर्वेक्षण कर उन्हें चालू अवस्था में रखने का निर्देश दिया, जिससे संध्या एवं प्रातः अर्घ्य के समय श्रद्धालुओं को पर्याप्त रोशनी मिल सके।उन्होंने सीसीटीवी कैमरे एवं नियंत्रण कक्ष संचालित करने का भी निर्देश दिया। साथ ही, प्रखंड विकास पदाधिकारी को छठ पर्व से संबंधित पेंटिंग एवं फ्लेक्स लगाने का निर्देश दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला पदाधिकारी ने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि छठ घाट परिसर में किसी भी प्रकार के दोपहिया या चारपहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। वाहनों की पार्किंग निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही की जाएगी तथा घाट तक आने-जाने की व्यवस्था पैदल सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर गोपनीय शाखा प्रभारी, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद हिसुआ, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष के साथ-साथ संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Nov 7, 2026