➡️ आपदा मित्र योजना के तहत 125 युवाओं को दिया जा रहा आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण
मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग के अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार होमगार्ड लाइन सोनाघाटी में आपदा मित्र योजना के प्रथम सत्र का सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 से 22 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला सेनानी श्री इंदल उपनारे के मुख्य आतिथ्य में मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
जिला सेनानी श्री उपनारे के मार्गदर्शन में निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को आपदा मित्र योजना की उपयोगिता एवं सामाजिक आपदा सुरक्षा में आपदा मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आपदा के समय अनुशासन बनाए रखना, सीमित संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर जन-धन की रक्षा करना तथा राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन को सहयोग देने के लिए सदैव तैयार रहना आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षण की कार्ययोजना के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण में शामिल पंजीकृत प्रतिभागियों को निर्देशानुसार पुस्तिका, डायरी, पेन, ब्रोशर, पहचान पत्र एवं लेस तथा रिफ्लेक्टिव जैकेट का वितरण किया गया। इस सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 125 युवा आपदा मित्र स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस प्रतिभागियों को आपदा, आपदा प्रबंधन एवं आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005, सिविल डिफेंस एक्ट एवं उसकी सेवाओं, बाढ़ जैसी जल आपदाओं के कारण एवं प्रबंधन, आपदा मित्रों के कर्तव्यों तथा आपदा मित्र योजना के संबंध में जानकारी दी गई।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
16 views | Betul, Madhya Pradesh | Oct 17, 2026