प्रतिबंधित समय में चल रहे तीन डंपर सीज, कीर्तिनगर पुलिस की कार्रवाई
कीर्तिनगर, 5 जून। चारधाम यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए कीर्तिनगर पुलिस ने प्रतिबंधित समय में संचालित हो रहे तीन डंपर वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गढ़वाल परिक्षेत्र के आयुक्त द्वारा चारधाम यात्रा मार्ग पर प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस आदेश के प्रभावी अनुपालन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
इसी क्रम में कीर्तिनगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान चारधाम यात्रा मार्ग पर प्रतिबंधित समय में संचालित हो रहे डंपर वाहनों को रोका गया। जांच में पाया गया कि तीनों वाहन निर्धारित प्रतिबंध अवधि के दौरान मार्ग पर संचालित किए जा रहे थे, जिससे चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती थी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों डंपर वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया। साथ ही वाहन चालकों को प्रशासनिक आदेशों और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
कीर्तिनगर पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि चारधाम यात्रा के दौरान लागू यातायात नियमों और प्रतिबंधों का पूर्ण पालन करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
A1 News Uttarakhand