पिछोर को मिली 4 बड़ी सौगातें: केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने उप तहसील, आरोग्य मंदिर और दो विद्युत उपकेंद्रों का किया लोकार्पण
शिवपुरी- पिछोर विधानसभा क्षेत्र को आज विकास की चार बड़ी सौगातें मिलीं। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बामौरकलां उप तहसील, अछरौनी आयुष्मान आरोग्य मंदिर और चमरौआ व पिपरा में 33/11 केवी के दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण किया।
बामौरकलां में 1.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उप तहसील भवन से 70 गांवों के नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। यह स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिससे अब राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
अछरौनी में 1.80 करोड़ की लागत से बना आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में बड़ा कदम है। इसके अंतर्गत 4 उप स्वास्थ्य केंद्र आते हैं, जिससे 20 गांवों की 30 हजार से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा। यहां 299 प्रकार की दवाइयां और 80 प्रकार की जांचों की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
वहीं चमरौआ में 1.95 करोड़ और पिपरा में 1.46 करोड़ की लागत से बने विद्युत उपकेंद्रों से विद्युत व्यवस्था और मजबूत होगी। इससे किसानों, व्यापारियों सहित 20 से 25 हजार की आबादी को सुचारू और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गांव, गरीब और किसान तक विकास पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पिछोर में निर्माणाधीन 100 बिस्तर का अस्पताल भी जल्द ही जनता के लिए बड़ी सौगात साबित होगा।
पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया के प्रयासों से पिछोर विकास की नई मिसाल बन रहा है। चाहे केंद्रीय विद्यालय हो, नए विद्युत उपकेंद्र हों या अरबों रुपये की नहर परियोजना और मूंगफली प्रोजेक्ट, क्षेत्र को लगातार सौगातें मिल रही हैं। कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र और 5 रुपये में विद्युत कनेक्शन योजना के पत्र भी हितग्राहियों को वितरित किए गए।
कार्यक्रम में कलेक्टर अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भुटिया, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव, पूर्व विधायक भैया साहब लोधी, सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषिश्वर सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।