जिला रेड रन मैराथन-2026 के माध्यम से दिया HIV/AIDS जागरूकता का संदेश
द्रोणाचार्य स्टेडियम में युवाओं व रेड रिबन क्लब के विद्यार्थियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
कुरुक्षेत्र:- हरियाणा राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी (HSACS), जिला कुरुक्षेत्र द्वारा राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) के राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आज द्रोणाचार्य स्टेडियम, कुरुक्षेत्र में जिला रेड रन मैराथन-2026 (HIV/AIDS Awareness Marathon) का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को HIV/AIDS के प्रति जागरूक करना तथा समाज में HIV संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव समाप्त करने का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम का नेतृत्व उप सिविल सर्जन डॉ. रमेश सभरवाल ने किया। इस अवसर पर DISHA टीम के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में युवा एवं रेड रिबन क्लब से जुड़े विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रमेश सभरवाल ने प्रतिभागियों को HIV संक्रमण के फैलने के कारणों, इससे बचाव के उपायों तथा रोकथाम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि HIV/AIDS को लेकर समाज में जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि HIV संक्रमित व्यक्तियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न किया जाए और उनके प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए।
मैराथन में लड़कों और लड़कियों की श्रेणी में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को क्रमशः 2500 रुपये, 1500 रुपये और 1000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। जिला स्तर पर चयनित विजेता प्रतिभागियों को आगे सोनीपत में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय रेड रन दौड़ में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को HIV/AIDS से संबंधित सही एवं विश्वसनीय जानकारी प्राप्त करने के लिए उपलब्ध संसाधनों के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें 1097 हेल्पलाइन तथा breakfreeindia.org वेबसाइट के बारे में जानकारी दी गई। इन माध्यमों के जरिए HIV/AIDS से संबंधित गोपनीय परामर्श, सहायता एवं प्रमाणिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
रेड रन मैराथन के माध्यम से युवाओं ने HIV/AIDS के प्रति जागरूकता फैलाने, भेदभाव समाप्त करने तथा स्वस्थ एवं संवेदनशील समाज के निर्माण का संदेश दिया।