सोशल मीडिया पर दोस्ती कर महिला को ब्लैकमेल करने का मामला सुलझा, आरोपी गिरफ्तार
मंदसौर। वायडी नगर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर पीड़िता के साथ गलत काम करने और बाद में ब्लैकमेलिंग कर सोना लेने के मामले का तत्परता से पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चुनौतीपूर्ण कार्रवाई करते हुए आरोपी गोपाराम उर्फ गोपाल उर्फ राजवीर को गुजरात के सूरत से पकड़ा। आरोपी से संबंधित बरामदगी की कार्रवाई राजस्थान के सिरोही से की गई।
पुलिस ने पीड़िता से लिए गए लाखों रुपये कीमत के सोने के आभूषण शत-प्रतिशत बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों में हाथ की सोने की 4 चूड़ियां, उंगलियों की 4 सोने की अंगूठियां, गले के 5 सोने के मांदलिया, सोने का 1 हार, 1 मंगलसूत्र, गले की 1 सोने की चेन तथा कान की सोने की 1 जोड़ी झुमकियां शामिल हैं।
वायडी नगर पुलिस ने महिला संबंधी अपराध को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कड़ी मेहनत और लगन के साथ अल्प समय में आरोपी तक पहुंचकर गिरफ्तारी की तथा पीड़िता से लिए गए सोने के आभूषणों की पूरी बरामदगी की।
पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।