शिमला के रामपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: तकलेच में पिकअप खाई में गिरी, छह लोगों की मौत
शिमला। जिला शिमला के रामपुर उपमंडल की तकलेच चौकी क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। उरमण नामक स्थान पर एक पिकअप वाहन (HP06B-2420) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा शवों को खाई से निकालकर कब्जे में लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान अभिषेक सनी (23) पुत्र नरसिंह सानी निवासी गांव शरनाल, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर; लायक राम (56) पुत्र मागु राम निवासी गांव पाठ, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर; अशोक जेन (32) पुत्र ध्यान जेन निवासी गांव छलटा, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर (वाहन चालक); नीतीन (23) पुत्र मैन सिंह जेन निवासी गांव छलटा, तहसील रामपुर; आशा कुमारी पत्नी सत्य प्रकाश निवासी गांव कुवाणु, डाकघर बिशलाधार, तहसील आनी, जिला कुल्लू तथा युगल पुत्र सत्य प्रकाश निवासी गांव कुवाणु, डाकघर बिशलाधार, तहसील आनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
इस हृदयविदारक हादसे से रामपुर और आनी क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय प्रशासन मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने में जुटा हुआ है, जबकि पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में लगी है।